यूरिया तस्करों पर ग्रामीणों की नजर, रोकते ही बाइक छोड़कर भागा युवक

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र में इन दिनों यूरिया की कथित तस्करी को लेकर ग्रामीण भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। ताजा मामला अन्नपूर्णा भवन के पास का है, जहां ग्रामीणों ने बिना किसी बंधे साधन के बाइक पर तीन बोरी यूरिया लेकर जा रहे एक युवक को रोक लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, युवक से जब यूरिया ले जाने के संबंध में पूछताछ करने का प्रयास किया गया तो वह घबरा गया और बाइक पर लदी तीनों बोरी यूरिया को सड़क पर गिराकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने युवक के तस्करी में शामिल होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यदि युवक किसान होता और अपनी खेती के लिए यूरिया ले जा रहा होता तो ग्रामीणों के पूछने पर इस तरह बाइक छोड़कर भागने की जरूरत नहीं पड़ती।
गौरतलब है कि हाल ही में इसी क्षेत्र में तीन बोरी यूरिया छोड़कर एक कथित तस्कर के फरार होने का मामला सामने आया था। बाद में कोल्हुई पुलिस ने मामले में कार्रवाई भी की थी।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर यूरिया की कथित तस्करी पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद तस्करी का सिलसिला जारी रहने से तस्करों के हौसले बढ़ रहे हैं। अब ग्रामीणों की सतर्कता से एक बार फिर यूरिया की तीन बोरियां बरामद होने की बात सामने आई है।
हालांकि, युवक के तस्करी में शामिल होने की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से यूरिया की अवैध आवाजाही पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।




