एमपी मॉन्टेसरी स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर बच्चों ने बिखेरी देशभक्ति की छटा

महराजगंज : कोल्हुई बाजार में स्थित एमपी मोंटेसरी स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में भव्य रूप से मनाया गया। पूरा विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सजा हुआ था और “वंदे मातरम्” तथा “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोल्हुई थाने के सब-इंस्पेक्टर व जोगियाबारी चौकी इंचार्ज पंकज सिंह रहे।
उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को देश के प्रति कर्तव्य, अनुशासन, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विद्यालय के प्रबंधक मंतु प्रसाद अग्रहरि, मैनेजिंग डायरेक्टर डी.एस अग्रहरी एवं प्रिंसिपल संध्या गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक एवं भाषण के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता तथा अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे निभाना हर नागरिक का कर्तव्य है।
समारोह में उपस्थित अभिभावकों ने भी बच्चों के हुनर की सराहना की और विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की। अंत में कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षकगण
आशीष कन्नौजिया, बी.एन रॉव , रुचि शर्मा, स्वेतनिशा श्रीवास्तव शिखा विश्वकर्मा, लक्ष्मी द्विवेदी, बबिता गुप्ता, नाजिया खान, शिवांगी मद्धेसिया, आकांशा त्रिपाठी, अम्बिका प्रजापति, सरिता गौतम , संजना रौनियार, शालिनी श्रीवास्तव, मीना गुप्ता सहित गैर शिक्षक कर्मचारी किसलावती, महेश ,अनीस, इकराम , रविंदर यादव आदि लोग उपस्थित रहे।




