महराजगंज: रास्ता भटककर नौडिहवा तिराहे पर रो रहा था 7 वर्षीय बालक, परसामलिक पुलिस ने परिजनों से मिलाया

महराजगंज। जिले के परसामलिक थाना क्षेत्र के नौडिहवा तिराहे पर रविवार को एक 7 वर्षीय बालक अकेले रोता हुआ मिला। बालक अपने बारे में कुछ बता पाने में असमर्थ था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची परसामलिक पुलिस ने उसे सकुशल थाने पहुंचाया और पूछताछ के बाद उसके परिजनों की तलाश कर उन्हें सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को नौडिहवा तिराहे पर एक छोटे बालक के अकेले रोने की सूचना मिली थी। इस पर महिला उपनिरीक्षक संजू गौड़ पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम बालक को अपने साथ थाने ले आई, जहां उसे विश्वास में लेकर प्यार और समझाइश के साथ पूछताछ की गई।
पूछताछ में बालक ने अपना नाम आर्यन सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह, निवासी ग्राम बाजारडीह, थाना फरेंदा, जनपद महराजगंज बताया। वह अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम तरैनी, थाना परसामलिक आया हुआ था, इसी दौरान रास्ता भटक गया।
पुलिस ने उचित माध्यम से परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका: महिला उपनिरीक्षक संजू गौड़, हेड कांस्टेबल उग्रसेन यादव, कांस्टेबल अमरजीत वर्मा और महिला कांस्टेबल पदमगंधा गौतम शामिल रहीं।
पुलिस की तत्परता से रास्ता भटके मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया गया।




