त्योहारों को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट, खुनुवां बॉर्डर पर पुलिस और एसएसबी ने किया पैदल गश्त

सिद्धार्थनगर। आगामी धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सिद्धार्थनगर पुलिस सतर्क हो गई है। इसी क्रम में शनिवार, 7 नवंबर 2026 को शोहरतगढ़ क्षेत्राधिकारी ने उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ और एसएसबी के साथ भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के खुनुवां बॉर्डर पर संयुक्त रूप से पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र में शांति व्यवस्था, सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना रहा।
इस दौरान पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा का एहसास कराते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की।
संयुक्त गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़, उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़, प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ सहित पुलिस और एसएसबी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
त्योहारों के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त सतर्कता जारी है।




