Uncategorized

कोल्हुई में सुनसान घर को चोरों ने बनाया निशाना, दरवाजा तोड़कर 10 लाख से अधिक के जेवरात चोरी

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की चुनौती के बीच चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मैनहवा के टोला बगहवा गांव के बगल स्थित एक सुनसान घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने दरवाजा तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए आभूषणों की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे सामानों को खंगालते हुए कीमती सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए। घटना के समय घर सुनसान था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

घर का बिखरा सामान देख दंपती के उड़े होश

घटना की जानकारी होने पर पीड़ित श्यामबिहारी और उनकी पत्नी घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कीमती आभूषण गायब थे। लाखों की चोरी से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी की घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में हल्का इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सवाल यह है कि दिनदहाड़े घर का दरवाजा तोड़कर चोर लाखों के जेवरात लेकर फरार हो गए, ऐसे में पुलिस कब तक इस चोरी का खुलासा कर पाएगी?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!