त्योहारों को लेकर पुरन्दरपुर पुलिस अलर्ट, सीओ फरेन्दा के नेतृत्व में कई इलाकों में निकला फ्लैग मार्च

महराजगंज। धनतेरस, दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस अलर्ट मोड में नजर आ रही है। शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के नेतृत्व में थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च रानीपुर, पुरन्दरपुर, सोहरवालिया, सुधारपुर, समरधीरा चौराहा, हरिया रघुवीर, मोहनापुरा, लालाइन पैसिया और लक्ष्मीपुर बाजार सहित कई प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने का संदेश दिया।
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। किसी भी तरह की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर नजर रखी जा रही है।




