कोल्हुई के भरवलिया में 30 वर्षीय महिला का फंदे से लटकता मिला शव, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बेलवा बुजुर्ग के टोला भरवलिया में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां करीब 30 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान पुनीता देवी पत्नी मनोज पाठक के रूप में हुई है। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर कोल्हुई पुलिस जोगियाबारी चौकी प्रभारी पंकज सिंह सहित पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका के दो बच्चे हैं। मां की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आखिर किन परिस्थितियों में हुई महिला की मौत ?
फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




