दरोगा की रिपोर्ट पर सवाल, गर्भवती महिला के हाथ समेत शरीर पर चोट के निशान
घास काटने को लेकर विवाद, पांचवें दिन भी मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के इलाहाबास टोला महाबीरपुर गांव में घास काटने को लेकर हुए विवाद में एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला के परिजनों का आरोप है कि मारपीट में उसके हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। हाथ पर चोट का निशान काला पड़ने की बात भी परिजनों ने कही है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद कोल्हुई पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले में संबंधित दरोगा द्वारा जिले पर भेजी गई रिपोर्ट घटना की स्थिति को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं करती है। इसी को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस की रिपोर्ट और कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
सीओ कार्यालय फरेंदा पहुंचा पीड़ित दंपती
कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित गर्भवती महिला अपने पति के साथ फरेंदा स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय भी पहुंची। परिजनों के मुताबिक, वहां उनकी सीओ से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का कहना है कि महिला गर्भवती है और उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। ऐसे में घटना को लेकर परिवार चिंतित है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने से उन्हें न्याय मिलने को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किए जाने, मेडिकल रिपोर्ट तथा जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।




