भारत से नेपाल जा रही यूरिया खाद की खेप पकड़ी, बाइक समेत एक तस्कर गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर खाद तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने कार्रवाई करते हुए तीन बोरी यूरिया खाद और एक मोटरसाइकिल के साथ एक व्यक्ति को पकड़ लिया। यह कार्रवाई 5 नवंबर 2026 को 43वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी बजहा की विशेष गश्ती टीम ने की।
एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर विशेष गश्ती दल रामनगर गांव के पास सीमा स्तंभ संख्या 552/1 से करीब 500 मीटर की दूरी पर निगरानी कर रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर खाद लादकर भारत से नेपाल की ओर जाने का प्रयास करता दिखाई दिया।
गश्ती दल ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह घबराकर मोटरसाइकिल और उस पर लदी खाद छोड़कर नेपाल की तरफ भागने लगा। हालांकि, जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मौके से तीन बोरी यूरिया खाद और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मनीष गिरी पुत्र नारायण गिरी, निवासी ग्राम भरतापुर, पोस्ट बजहा, थाना कपिलवस्तु, जिला सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। एसएसबी के मुताबिक, खाद और मोटरसाइकिल के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर व्यक्ति समेत बरामद सामान को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, ककरहवा के सुपुर्द कर दिया गया।
सीमा पर तस्करी रोकने में जुटी एसएसबी
43वीं वाहिनी एसएसबी का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा और वन्यजीवों से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




