वन स्टॉप सेंटर से फरार 17 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद, दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित

महराजगंज । वन स्टॉप सेंटर, महराजगंज से फरार हुई 17 वर्षीय किशोरी को थाना बृजमनगंज पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। मामले में थाना कोतवाली, महराजगंज में किशोरी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बृजमनगंज थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 13 जुलाई 2026 को अपनी 17 वर्षीय पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर मु0अ0सं0-174/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान किशोरी को 14 अगस्त को सिद्धार्थनगर जिले के बांसी बस स्टैंड से बरामद किया गया। आवश्यक चिकित्सीय एवं विधिक कार्रवाई के बाद उसे वन स्टॉप सेंटर, महराजगंज में दाखिल कराया गया था।
15 अगस्त को किशोरी नित्य क्रिया जाने के बहाने वन स्टॉप सेंटर से फरार हो गई। सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की टीम ने तलाश शुरू की। संयुक्त प्रयासों के बाद किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के मामले में एक महिला हेड कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई कार्रवाई में थानाध्यक्ष बृजमनगंज मदन मोहन मिश्र, व0उ0नि0 तारकेश्वर वर्मा, उ0नि0 राजन पासवान समेत पुलिस टीम और वन स्टॉप सेंटर की म0उ0नि0 राजकुमारी शुक्ला तथा म0का0 सविता गुप्ता शामिल रहीं।




