भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई, 236 कैप्सूल के साथ बाइक सवार गिरफ्तार
एसएसबी और कपिलवस्तु थाने की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, SPASMONAM PLUS कैप्सूल और मोटरसाइकिल जब्त

सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी अलीगढ़वा और थाना कपिलवस्तु पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने प्रतिबंधित बताई गई नशीली दवा SPASMONAM PLUS के 236 कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
एसएसबी से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को आसूचना के आधार पर सीमा चौकी अलीगढ़वा और थाना कपिलवस्तु के जवानों की संयुक्त गश्ती टीम ने चिन्हित स्थान पर निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद गुलाबगढ़ गांव के रास्ते मझौली सागर के नजदीक एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने बताया कि उसके पास नशीली दवा है और वह इसे लेकर अपने घर जा रहा है। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर संयुक्त टीम ने तत्काल समवाय प्रभारी को सूचना दी। साथ ही राजपत्रित अधिकारी को फोन के माध्यम से सूचित कर मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर व्यक्ति के पास से SPASMONAM PLUS के 236 कैप्सूल बरामद हुए।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान संतोष कुमार पुत्र राम मिलन, निवासी ग्राम अमवा, पोस्ट परसा बेलहरी, थाना मोहना, जनपद सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद कैप्सूल, मोटरसाइकिल और व्यक्ति को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना कपिलवस्तु पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
43वीं वाहिनी एसएसबी के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा और वन्यजीवों से संबंधित अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।




