सिद्धार्थनगर: छठ पर्व को लेकर बाणगंगा छठ घाट का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सिद्धार्थनगर। छठ पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। इसी क्रम में रविवार, 15 नवंबर 2026 को क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ के साथ थाना क्षेत्र स्थित बाणगंगा छठ घाट का भौतिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान गहरे पानी वाले स्थानों पर बांस से बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्ते, यातायात व्यवस्था और पार्किंग की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
क्षेत्राधिकारी ने संबंधित पुलिसकर्मियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
यह निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में किया गया।




