महराजगंज पुलिस ने लौटाए 101 लोगों के खोए मोबाइल, चेहरे पर लौटी मुस्कान

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद पुलिस की सर्विलांस सेल ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का प्रभावी उदाहरण पेश करते हुए CEIR पोर्टल और आधुनिक सर्विलांस तकनीक की मदद से खोए हुए 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले पांच महीनों में जनपद पुलिस अब तक कुल 518 खोए मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 51 लाख रुपये है। बरामद किए गए मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए।
सर्विलांस सेल ने मोबाइल फोन की IMEI आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और CEIR पोर्टल की सहायता से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन को ट्रेस किया। प्राप्त प्रार्थना-पत्रों के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
17 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मोबाइल स्वामियों को बुलाकर आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद उनके मोबाइल फोन वापस किए गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने महराजगंज पुलिस और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक ने सर्विलांस सेल की टीम की सराहना करते हुए ₹25 हजार के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। तकनीक आधारित पुलिसिंग वर्तमान समय की आवश्यकता है और CEIR जैसे प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक कराएं और नजदीकी थाने अथवा सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
बरामदगी करने वाली टीम:
क0ऑ0 ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मो. कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता, आरक्षी नीरज कुमार गोंड तथा जनपद के सभी थानों पर CEIR पोर्टल पर नियुक्त कर्मचारीगण।




