Uncategorized

सिद्धार्थनगर: मदरसे से लापता हुए तीन बच्चे 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद, पढ़ाई में मन नहीं लगने पर बिना बताए निकले थे

सिद्धार्थनगर। जिले के मोहाना थाना क्षेत्र में मदरसे से लापता हुए तीन बच्चों को मोहाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चों की काउंसलिंग कराने के बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सूचना मिली कि जैद पुत्र समीउल्लाह और फहद पुत्र समीउल्लाह निवासी ग्राम भगवानपुर टोला चौरीजोत थाना मोहाना तथा उनके रिश्तेदार नदीम पुत्र अब्दुल हन्नान निवासी अत्री बाजार थाना शोहरतगढ़, मदरसा अरबिया दारुल उलूम सल्फिया, ग्राम रसूलपुर टोला कैथवलिया में रहकर पढ़ाई करते थे। तीनों बच्चे 14 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे मदरसे में नाश्ता करने के बाद अचानक कहीं चले गए और घर नहीं पहुंचे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। इस दौरान परिजनों, ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया गया।

लगातार प्रयास और तकनीकी सहायता के बाद 15 नवंबर 2026 को पुलिस ने तीनों बच्चों को थाना मोहाना क्षेत्र के पिकौरा से सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उनका पढ़ाई में मन नहीं लगता था और घरवाले उन्हें जबरदस्ती पढ़ाना चाहते थे। इसी वजह से वे बिना किसी को बताए मदरसे से चले गए थे।

पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर बच्चों और उनके परिवार की काउंसलिंग कराई। इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए तीनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम: थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जगत नारायण यादव, सुरेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी शिव प्रसाद गोंड, आरक्षी सरवर आलम, जयगोविंद और महिला आरक्षी शशि यादव शामिल रहीं।

पुलिस की तत्परता से तीन परिवारों को राहत मिली और तीनों बच्चे सुरक्षित अपने परिजनों के पास पहुंच गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!