सिद्धार्थनगर: गैर इरादतन हत्या के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार, तीन डंडे और स्टील पाइप बरामद

सिद्धार्थनगर जिले के थाना मोहाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित चल रहे 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का मोटा डंडा, यूकेलिप्टस का डंडा और स्टील का पाइप भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 26 जून 2026 को ग्राम बेलहरी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान जमाल अहमद पुत्र अकबर अली के सिर पर चोट लगी थी। घटना के संबंध में थाना मोहाना में मु0अ0सं0 99/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घायल जमाल अहमद का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में हुआ और 18 जुलाई को उन्हें डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया था। स्वास्थ्य दोबारा बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय सिद्धार्थनगर ले गए, जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया। इसके बाद उनका इलाज डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लखनऊ में चल रहा था। पुलिस के अनुसार, 28/29 अगस्त की रात इलाज के दौरान जमाल अहमद की मौत हो गई, जिसके बाद मुकदमे में धारा 105/190/191(3) BNS की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। 1 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सड्डा तिराहे पर घेराबंदी कर आठों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल भागने की फिराक में सवारी का इंतजार कर रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. जुबेर अहमद पुत्र रहमतुल्लाह
2. क्यूम अहमद पुत्र मकसूद अली
3. इमरान अहमद पुत्र महबुद अहमद उर्फ महबूब
4. कमरूद्दीन उर्फ रियाज पुत्र महबूब उर्फ महबुद
5. महबुद उर्फ महबूब पुत्र मोहम्मद हनीफ उर्फ मगर
6. सफीउल्लाह पुत्र सकूर
7. मोहम्मद आरिफ पुत्र सफीउल्लाह
8. हफीजुल्लाह उर्फ हाफू पुत्र सकूर
सभी आरोपी बर्डपुर नंबर-05, टोला छोटकी बेलहरी, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के निवासी बताए गए हैं।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बांस का मोटा डंडा, एक यूकेलिप्टस का डंडा और एक स्टील पाइप बरामद किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सफीउल्लाह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2008 में धारा 147, 323, 427, 452, 504 और 506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज रहा है।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आठों आरोपियों को माननीय न्यायालय भेज दिया है।




