महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 41 बोरी कद्दू के बीज और पिकअप बरामद

महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ महराजगंज पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 41 बोरी कद्दू के बीज और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। बरामद कद्दू के बीज को नेपाल ले जाने के लिए रखे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में 29 अगस्त को पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 41 बोरी कद्दू के बीज लावारिस हालत में मिले। मौके से UP70GT0978 नंबर की पिकअप भी बरामद की गई।
बरामदगी के बाद स्थानीय थाने में कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। हालांकि, मौके से किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी गई है।
कार्रवाई में राजस्व टीम की ओर से उपजिलाधिकारी नौतनवा और तहसीलदार नौतनवा शामिल रहे। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल और कांस्टेबल ब्रजेश कुमार रहे।
वहीं, एसएसबी टीम में निरीक्षक अभिषेक कुमार, मुख्य आरक्षी रामतिलक मौर्य और कांस्टेबल अनुज कुमार शामिल रहे।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी का अभियान लगातार जारी है।




