भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 75 बोरी कद्दू बीज के साथ पिकअप बरामद, एक गिरफ्तार
निचलौल पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने 3,000 किलो कद्दू बीज पकड़ा, आरोपी को कस्टम कार्यालय नौतनवा भेजा गया

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने कार्रवाई करते हुए 75 बोरी कद्दू बीज बरामद किया है, जिसका कुल वजन करीब 3,000 किलोग्राम बताया गया है। मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप गाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई 4 नवंबर 2026 को रात करीब 2:30 बजे की गई। निचलौल थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 13×4 पुल से गेंडहवा जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर कद्दू बीज से लदी पिकअप को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हैदर अली (28 वर्ष) पुत्र रहमतुल्लाह निवासी खैरहवा दूबे, थाना परसामलिक, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में थाना स्थानीय पर धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी और बरामद सामान को कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया।
बड़ा सवाल: भारत-नेपाल सीमा पर लगातार तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में लगातार सामान बरामद हो रहा है। ऐसे में सीमा पर तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई कितनी कारगर साबित होगी, यह देखने वाली बात होगी।
बरामदगी करने वाली टीम में निचलौल पुलिस के उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, कपिल प्रजापति, कांस्टेबल रामआशीष यादव, राजन कुमार सहित एसएसबी के निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय एवं अन्य जवान शामिल रहे।




