शोहरतगढ़ में श्याम जायसवाल का बड़ा संकल्प, एक-एक लाख महिलाओं, गरीबों और बुजुर्गों तक पहुंचाएंगे साड़ी, गर्म कपड़े और कंबल

सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र-302 में भाजपा नेता श्याम कुमार जायसवाल ने सेवा और सम्मान को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाने का संकल्प लिया है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की एक लाख माताओं-बहनों को साड़ी, एक लाख गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को जैकेट और स्वेटर तथा एक लाख बुजुर्गों को कंबल वितरित करने का लक्ष्य घोषित किया है। उनके इस ऐलान से क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां भी चर्चा में आ गई हैं।
श्याम कुमार जायसवाल के मुताबिक, अब तक करीब 48 हजार महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया जा चुका है। वहीं, दीपावली के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को मिठाई और उपहार देकर सम्मानित करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम 3 से 5 नवंबर के बीच शोहरतगढ़ स्थित चौधरी मैरिज हॉल में आयोजित किया जाएगा।
शिक्षकों के सम्मान को लेकर भी उन्होंने विशेष पहल की है। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विधानसभा क्षेत्र के 237 विद्यालयों में शिक्षकों को सम्मानित करने की योजना बनाई गई है। उनका दावा है कि अब तक करीब 125 विद्यालयों में शिक्षकों का सम्मान किया जा चुका है।
श्याम जायसवाल ने कहा कि उन्होंने माता रानी से आशीर्वाद मांगा है कि क्षेत्र की जनता से जो भी वादा करें, उसे पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास कर सकें। उन्होंने कहा कि सेवा और सम्मान से जुड़े इन कार्यक्रमों को दीपावली एवं छठ पर्व के आसपास आगे बढ़ाया जाएगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि एक लाख महिलाओं, एक लाख गरीबों और एक लाख बुजुर्गों तक सहायता पहुंचाने के इस बड़े संकल्प को धरातल पर कब और किस तरह पूरा किया जाता है। फिलहाल, उनके इस ऐलान को लेकर शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं।




