Uncategorized

शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ीं दो युवतियां, आत्महत्या की धमकी से मचा हड़कंप; पुलिस ने सकुशल उतारा

महराजगंज।शादी की मांग को लेकर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवतियों के मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची महराजगंज पुलिस ने सूझबूझ और लगातार समझाइश के जरिए दोनों युवतियों को सकुशल नीचे उतारकर संभावित अनहोनी टाल दी।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना 01 नवंबर 2026 को थाना नौतनवा क्षेत्र के ग्राम बरवाभोज के बाहर स्थित एयरटेल मोबाइल टावर पर हुई। यहां करीब 19 वर्षीय मनीषा टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी गंगेश निवासी ग्राम लोधसी से शादी न होने पर टावर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।

पीआरवी-9171 से सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नौतनवा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। परिजनों द्वारा शादी का आश्वासन दिए जाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की सहमति से उसे गंगेश के साथ भेज दिया गया।

दूसरी घटना परसामलिक क्षेत्र में

दूसरी घटना 04 नवंबर को थाना परसामलिक क्षेत्र के ग्राम जिगिना टोला गंगवलिया की है। यहां करीब 19 वर्षीय सुशीला मोबाइल टावर पर चढ़ गई और सनोेज पासवान निवासी विषखोप टोला श्रीरामपुर से शादी करने की मांग करते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगी।

पीआरवी-9805 से सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष परसामलिक विवेक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम और परिजनों के काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया। इसके बाद आवश्यक समझाइश कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज

पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों प्रकरणों में थाना नौतनवा में मु0अ0सं0 216/2026 तथा थाना परसामलिक में मु0अ0सं0 91/2026 के तहत धारा 226, 352 और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई इन दोनों कार्रवाइयों में पुलिस की तत्परता से दो युवतियों की जान बचाई गई और संभावित अनहोनी टल गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!