Welcome to Rahasya News   Click to listen highlighted text! Welcome to Rahasya News
Uncategorized

मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी के सख्त निर्देश, लंबित मामलों के निस्तारण और सीमा तस्करी पर फोकस

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) ने की। इस दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।

सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके बाद अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं, अनावरण शेष मामलों, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों तथा वारंटियों की गिरफ्तारी की स्थिति की समीक्षा की गई। अपहृत/अपहृता एवं गुमशुदा लोगों की बरामदगी में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने ई-साक्ष्य, एसआईडी, ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन कन्विक्शन से संबंधित कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने गंभीर मामलों में थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर रिपोर्ट भेजने तथा विवेचनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कर न्यायालय में समय से आरोप पत्र दाखिल करने के निर्देश दिए।

शिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर

आईजीआरएस, जनसुनवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही शिकायतकर्ता से बेहतर फीडबैक प्राप्त करने पर भी जोर दिया गया। अपराधियों के नियमित सत्यापन के लिए यक्ष ऐप के प्रभावी इस्तेमाल और उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

112 पीआरवी और सीसीटीवी की भी समीक्षा

एसपी ने यूपी-112 पीआरवी के रिस्पांस टाइम की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को सूचना मिलने पर समय से मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त एवं क्रियाशील रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के निर्देश

भारत-नेपाल सीमा पर पशु तस्करी और अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के साथ चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए आभूषण की दुकानों, होटलों और संदिग्ध प्रतिष्ठानों की नियमित चेकिंग करने को कहा गया।

थाने-चौकियों पर अनावश्यक भीड़ रोकने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। थाने और चौकियों पर अनावश्यक व्यक्तियों की बैठने एवं आवाजाही पर नियंत्रण रखने को कहा गया। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र को सशक्त बनाने तथा पोक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखने, बीपीओ के साथ साप्ताहिक बैठक करने, क्षेत्र की जानकारी अद्यतन रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। एसपी ने एफआईआर दर्ज होने के बाद उसकी प्रति पीड़ित के निवास स्थान तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!