Uncategorized

सोनौली में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 गिरफ्तार; 24 बोरी और 16 गत्ते पटाखे बरामद

महराजगंज।दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार, 4 नवंबर को सोनौली थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सोनौली के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, कस्बा सोनौली और फरेन्दी तिवारी बाजार में कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से कुल 24 बोरी और 16 गत्तों में विभिन्न प्रकार के प्रकाशयुक्त एवं तेज आवाज वाले पटाखे बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज मलेशिया (21 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 13 बाल्मीकि नगर जुगौली, आयुष अग्रहरी (23 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12 रामजानकी नगर सोनौली और सूरज रौनियार (25 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 04 माधवराम नगर फरेन्दी बाजार के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सोनौली में मुकदमा अपराध संख्या 101/2026, 102/2026 और 103/2026 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1884 की धारा 5/9(बी)(1)(बी) एवं धारा 288 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार पटेल, अरविंद कुमार, शक्ति सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

सवाल यह है कि सीमावर्ती सोनौली क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किन स्थानों पर किया जा रहा था और क्या इनकी बिक्री के लिए जरूरी सुरक्षा एवं वैधानिक मानकों का पालन किया जा रहा था? त्योहार के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ऐसे भंडारण स्थलों की नियमित जांच भी जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!