वायरल वीडियो पर कोल्हुई पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में, बड़ी लापरवाही पर सिर्फ सख्त हिदायत क्यों?

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र में भीड़भाड़ और ट्रैफिक के बीच वाहन चलाना सिखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में कोल्हुई पुलिस ने एक्स (ट्विटर) के माध्यम से बताया कि संबंधित व्यक्ति को भविष्य में इस तरह वाहन चलाना सिखाने और सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो पोस्ट करने से बचने की सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही, वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट करा दिए गए हैं।
लेकिन सवाल यह है कि क्या व्यस्त हाईवे पर यातायात के बीच वाहन चलाना सिखाने के मामले में सिर्फ सख्त हिदायत देना ही पर्याप्त कार्रवाई है? एक तरफ पुलिस चौराहों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और अन्य कार्रवाई करती है, तो दूसरी तरफ इस मामले में केवल हिदायत देकर छोड़ने के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं।
क्या प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा है मामला?
स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी चर्चा में है कि संबंधित व्यक्ति को केवल हिदायत देकर छोड़ने के पीछे कोई विशेष वजह तो नहीं है? क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति का दबाव था या संबंधित युवक किसी रसूखदार परिवार से जुड़ा है? हालांकि, फिलहाल इन सवालों के समर्थन में कोई आधिकारिक जानकारी या प्रमाण सामने नहीं आया है।
अब देखना होगा कि महराजगंज पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में अपनाई गई कार्रवाई को लेकर क्या स्पष्टीकरण देते हैं और क्या यातायात सुरक्षा के मद्देनजर मामले की दोबारा समीक्षा की जाती है।
रहस्य न्यूज का सवाल: जब सड़क सुरक्षा से लोगों की जान जुड़ी है, तो क्या ऐसे मामलों में केवल हिदायत देना पर्याप्त है या नियमों के तहत कार्रवाई भी होनी चाहिए?




