दुर्गापूजा-दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, आयोजकों और डीजे संचालकों को दिए निर्देश

सिद्धार्थनगर। आगामी दुर्गापूजा और दशहरा त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सिद्धार्थनगर परिसर में रविवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मूर्ति आयोजकों, डीजे संचालकों, संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, पत्रकारों और ग्राम प्रहरियों ने हिस्सा लिया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में आयोजित बैठक में उप जिलाधिकारी सदर निखिल चतुर्वेदी और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान ने त्योहार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सभी मूर्ति आयोजकों से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और त्योहार को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। वहीं डीजे संचालकों को ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन माननीय न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप करने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और किसी भी तरह की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
इस दौरान थाना सिद्धार्थनगर के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




