गौरा बाजार की देशी शराब दुकान में चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर। थाना चिल्हिया पुलिस ने गौरा बाजार स्थित देशी शराब की दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक पेटी देशी शराब (बंटी बबली), एक स्कैनर/पास मशीन तथा 1,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को गौरा बाजार स्थित देशी शराब की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर द्वारा तीन पेटी देशी शराब और एक स्कैनर/पास मशीन चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चिल्हिया में मुकदमा अपराध संख्या 67/2026, धारा 331(4), 305(A) एवं 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी थी।
24/25 जून 2026 की रात उपनिरीक्षक सुधाकर राय अपनी टीम के साथ गौरा बाजार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शराब दुकान में चोरी करने वाला व्यक्ति मंझरिया और गौरा बाजार के बीच स्थित पुलिया के पास चोरी की शराब लेकर जा रहा है।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। उसकी पहचान सिकन्दर पुत्र स्वर्गीय दुख्खी निवासी गौरा बाजार, थाना चिल्हिया, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पेटी देशी शराब, एक स्कैनर/पास मशीन और 1,000 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 21 जून की रात ईंट से दुकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। उसने बताया कि चोरी की गई तीन पेटियों में से दो पेटी शराब राहगीरों को बेच दी थी और बरामद 1,000 रुपये उसी बिक्री से प्राप्त हुए थे। बची हुई शराब को बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक सुधाकर राय
मुख्य आरक्षी अमृत नायक
आरक्षी पंकज यादव
आरक्षी अभय सिंह
आरक्षी अर्पित
थाना चिल्हिया पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटना के त्वरित खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।




