प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक के नदी में डूबने के मामले में चौकी प्रभारी धानी निलंबित
सुरक्षा व्यवस्था की ड्यूटी में लापरवाही का आरोप, एसपी ने की कार्रवाई; विभागीय जांच शुरू

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी चौकी अंतर्गत खड़खड़िया पुल पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक के नदी में डूबने की घटना में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी धानी उपनिरीक्षक अमित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को खड़खड़िया पुल पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक युवक नदी में डूब गया था। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकी प्रभारी धानी अमित सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने ड्यूटी के दौरान अपने पदीय दायित्वों एवं कर्तव्यों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया लापरवाही और शिथिलता पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की है।
पुलिस विभाग के अनुसार, मामले में विभागीय जांच भी प्रचलित है।
इस कार्रवाई के बाद प्रतिमा विसर्जन जैसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।




