विदेशी पासपोर्ट के साथ भारतीय पहचान पत्र मिलने पर सोनौली पुलिस की कार्रवाई
इंडोनेशियाई महिला के कब्जे से अलग-अलग नाम और जन्मतिथि के वोटर आईडी, आधार कार्ड व दो पैन कार्ड बरामद, मुकदमा दर्ज

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में नियमित जांच के दौरान एक इंडोनेशियाई महिला के पास से अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से बने भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज मिलने का मामला सामने आया है। इमिग्रेशन अधिकारियों की सूचना पर सोनौली पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में नियमित जांच के दौरान एक महिला ने भारतीय वोटर आईडी प्रस्तुत की। कार्ड पर नाम Li Kim Lien और पता कोलकाता, पश्चिम बंगाल का दर्ज था। महिला के हाव-भाव और बातचीत के आधार पर अधिकारियों को उसके विदेशी नागरिक होने का संदेह हुआ।
पूछताछ और पासपोर्ट की जांच में महिला की पहचान इंडोनेशियाई नागरिक Rohana के रूप में हुई। इसके बाद उसके कब्जे से अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से बने भारतीय वोटर आईडी, आधार कार्ड तथा दो पैन कार्ड सहित कुल पांच दस्तावेज बरामद किए गए।
इमिग्रेशन अधिकारियों ने महिला और बरामद दस्तावेजों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने प्राप्त तहरीर और दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेजों में कथित कूटरचना और दुरुपयोग के संबंध में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद दस्तावेजों की प्रामाणिकता, उन्हें बनवाने के तरीके, उनके स्रोत और महिला द्वारा इस्तेमाल की गई अलग-अलग पहचानों को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।
अब जांच का अहम सवाल यह है कि विदेशी नागरिक के पास अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज कैसे पहुंचे और इन्हें बनवाने में किन लोगों की भूमिका रही?




