मूर्ति विसर्जन हादसा: कूड़ा नदी में डूबे इंटरमीडिएट के दो छात्रों का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, शाम 6 बजे तक तलाश जारी
सुबह से शाम तक चला खोज अभियान, हजारों ग्रामीणों की निगाहें नदी पर टिकीं; अब दूसरे दिन सुबह पुलिस की अगली रणनीति पर नजर

सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के मुजहना गांव के पास कूड़ा नदी में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबे इंटरमीडिएट के दो छात्रों का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। गुरुवार शाम करीब 6 बजे तक स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों युवकों का पता नहीं चल पाया
जानकारी के अनुसार, बुधवार को बेलटीकर गांव के टोला दयालपुर में चार दिनों से चल रहे लक्ष्मी पूजा कार्यक्रम के समापन के बाद ग्रामीण प्रतिमा विसर्जन के लिए मुजहना गांव के पास कूड़ा नदी पहुंचे थे। इसी दौरान आदित्य (18) पुत्र लखीचंद गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में गौतम (19) भी नदी में उतर गया और दोनों पानी में लापता हो गए।
हादसे के बाद से ही पुलिस और बचाव दल लगातार दोनों छात्रों की तलाश में जुटे हैं। गुरुवार सुबह से शाम करीब 6 बजे तक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
मौके पर पहुंचे थे विधायक, हजारों ग्रामीणों की जुटी रही भीड़
घटना की जानकारी मिलने पर कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही भी मौके पर पहुंचे थे। मोहाना और लोटन थाने की पुलिस टीम के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर मौजूद रहे। परिजन और ग्रामीण दोनों छात्रों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
दोनों छात्र कक्षा 12 में करते थे पढ़ाई
लापता गौतम गौतम बुद्ध विद्यापीठ इंटर कॉलेज, बर्डपुर में कक्षा 12 का छात्र है। वहीं आदित्य मुस्लिम इंटर कॉलेज, महदेइया में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा है। दोनों के लापता होने से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
अब सुबह की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
बुधवार से गुरुवार शाम तक चले तलाशी अभियान के बावजूद दोनों छात्रों का पता नहीं चल सका है। ऐसे में अब सवाल यह है कि शुक्रवार सुबह पुलिस और बचाव दल किस नई रणनीति के साथ तलाश अभियान शुरू करेंगे? आखिर कब तक दोनों परिवारों को अपने बच्चों का इंतजार करना पड़ेगा?
फिलहाल पूरे इलाके में मायूसी का माहौल है और हर कोई दोनों छात्रों के मि
लने की दुआ कर रहा है।




