नेपाल से लाई जा रही 400 पैकेट नेपाली सिगरेट बरामद, एसएसबी ने युवक और बाइक को पकड़ा

सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी अलीगढ़वा की चेक-पोस्ट टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 पैकेट नेपाली सिगरेट और एक मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को पकड़ लिया।
एसएसबी के अनुसार, 4 अगस्त को सीमा स्तंभ संख्या 549 के पास नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। जांच के दौरान बाइक के पीछे बंधी सफेद बोरी से एक कार्टन बरामद हुआ, जिसमें खुकुरी ब्रांड की 400 पैकेट नेपाली सिगरेट छिपाकर रखी गई थी।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान आशीष कसौधन (18 वर्ष), पुत्र स्व. सुनील कसौधन, निवासी ग्राम अलीगढ़वा, पोस्ट पंचगावा, थाना कपिलवस्तु, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में बताई।
एसएसबी ने बरामद नेपाली सिगरेट और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क इकाई, ककरहवा को सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों, अवैध मुद्रा तथा वन्यजीवों की तस्करी रोकने के लिए 43वीं वाहिनी लगातार अभियान चला रही है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।




