कपिलवस्तु पुलिस का बड़ा खुलासा: विद्यालय चोरी का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

सिद्धार्थनगर। थाना कपिलवस्तु पुलिस ने कम्पोजिट विद्यालय चकईजोत में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया शैक्षणिक एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 3 अगस्त 2026 को कार्रवाई की।
पुलिस ने मदरहना उर्फ रामनगर, टोला मटियरिया राजे डिहवा बाग के पास से मुकदमा संख्या 62/2026 (धारा 331(2), 305(E), 317(2) बीएनएस) से संबंधित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
प्रेमशंकर उर्फ प्रिंस कन्नौजिया, निवासी बढ़या, थाना व जनपद सिद्धार्थनगर।
रोहित चौधरी, निवासी चकईजोत, थाना कपिलवस्तु।
रोहित चौधरी उर्फ टकलू, निवासी चकईजोत, थाना कपिलवस्तु।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 31 जुलाई 2026 की रात उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर कम्पोजिट विद्यालय चकईजोत का ताला तोड़कर लैपटॉप, टैबलेट, इनवर्टर, माइक्रोस्कोप, कंप्यूटर समेत अन्य सामान चोरी किया था। चोरी का सामान ऑटो रिक्शा में लादकर नेपाल में बेचने के लिए खुनवा बॉर्डर की ओर जा रहे थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, दो टैबलेट, इनवर्टर, ट्यूबुलर बैटरी, दो माइक्रोस्कोप, 11 माइक्रो हेडफोन, एक प्रिंटर, दो वायरलेस कीबोर्ड, एक ऑप्टिक फाइबर सेट, एक डेस्कटॉप कंप्यूटर (मॉनिटर, सीपीयू व बैटरी सहित), चार साउंड सिस्टम, दो साइंस किट तथा चोरी में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा (UP53FT7469) बरामद किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।




