कूटरचित भारतीय दस्तावेजों के साथ थाई महिला गिरफ्तार, सोनौली इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर हुई कार्रवाई

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ और असंवैधानिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनौली पुलिस और इमिग्रेशन टीम ने एक थाई महिला को कूटरचित भारतीय दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सोनौली कस्बे स्थित इमिग्रेशन चेक पोस्ट पर आव्रजन अधिकारी सुश्री हिना तोमर द्वारा चेकिंग के दौरान थाईलैंड निवासी CHON CHUTICHIRAPHAT (43 वर्ष) से पूछताछ की गई। अभिलेखों की जांच और पूछताछ के दौरान कथित तौर पर सामने आया कि महिला ने छलपूर्वक नाम बदलकर कूटरचित भारतीय दस्तावेज तैयार कराए थे।
पुलिस के अनुसार, उसके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी जैसे भारतीय दस्तावेज पाए गए, जिनका कथित रूप से अनधिकृत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके बाद इमिग्रेशन टीम ने महिला को हिरासत में लेकर सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मामले में थाना सोनौली पर मु0अ0सं0 77/2026 दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) समेत आधार अधिनियम की धारा 34/35, विदेशी अधिनियम की धारा 14(A)/14(B)/14(C), लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 तथा पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) अधिनियम की धारा 3/6 के तहत कार्रवाई की है। संबंधित अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत भी अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्ता को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय, जनपद महराजगंज के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्ता
नाम: CHON CHUTICHIRAPHAT
उम्र: 43 वर्ष
निवासी: थाईलैंड




