थाना समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं

सिद्धार्थनगर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जीएन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने थाना उसका बाजार परिसर में जनसुनवाई की। अधिकारियों ने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायती प्रार्थना-पत्रों के संबंध में संबंधित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर भी जोर दिया।
जनसुनवाई के बाद जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में नवनिर्मित पुलिस मेस का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना उसका बाजार संतोष कुमार तिवारी सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




