तालाब में डूबे 38 वर्षीय ओमप्रकाश की तलाश जारी, एनडीआरएफ टीम जुटी, अब तक नहीं मिला सुराग

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बंजरहा सोनबरसा के फुलवरिया पूरब टोला में शुक्रवार रात तालाब में डूबकर लापता हुए 38 वर्षीय ओमप्रकाश की तलाश लगातार जारी है। शनिवार को एनडीआरएफ की टीम ने तालाब में खोज अभियान शुरू किया, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात भोजन करने के बाद ओमप्रकाश टहलने के लिए तालाब के किनारे गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए। उनकी छोटी बेटी प्रीति ने आवाज सुनकर तालाब में पिता को डूबते देखा और परिजनों को सूचना दी। परिवार और ग्रामीणों ने रातभर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
शनिवार को पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ एनडीआरएफ ने भी मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष बृजमनगंज मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि ओमप्रकाश की तलाश जारी है, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल सका है।




