सिद्धार्थनगर में एसएसपी की अपराध गोष्ठी, त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

सिद्धार्थनगर। आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने और जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने 8 अक्टूबर को पुलिस लाइन सभागार में अपराध गोष्ठी कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, गैंगस्टर, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने पर जोर दिया गया। साथ ही रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट व एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा सहित संवेदनशील और सामुदायिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा मिशन शक्ति केंद्रों को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। इसके अलावा साइबर अपराधों पर नियंत्रण और सीसीटीएनएस, आईजीआरएस, एनसीआरबी सहित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों की नियमित निगरानी कर समय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




