Uncategorized

सिद्धार्थनगर में त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक, मंडलायुक्त और डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

सिद्धार्थनगर। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 8 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त बस्ती मंडल वैभव श्रीवास्तव और डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने प्रतिभाग किया।

बैठक में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से संवाद किया गया। अधिकारियों ने सभी से त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी लोग एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी संदिग्ध गतिविधि या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

बैठक में सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट या कमेंट साझा नहीं करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी सूचना को आगे प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि पुलिस-प्रशासन से अवश्य करें।

इसके साथ ही जुलूस और मूर्ति विसर्जन के मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नजर रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस-प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!