Uncategorized

राप्ती नदी में डूबे रमेश का शव गोरखपुर में मिला, कई घंटों की तलाश के बाद टूटी परिजनों की उम्मीद

धानी के खड़खड़िया पुल के पास प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ था हादसा, कैंपियरगंज के भरगाई गांव के पास नदी में उतराता मिला शव, गांव में पसरा मातम

महराजगंज। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धानी स्थित खड़खड़िया पुल के समीप राप्ती नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबे युवक रमेश का शव बरामद कर लिया गया है। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव घटनास्थल से काफी दूर गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भरगाई गांव के पास नदी में मिला।

शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों और गांव के लोगों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। रमेश की सलामती की दुआ मांग रहे परिजनों की उम्मीदें टूट गईं। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबा था युवक

जानकारी के अनुसार, ग्रामसभा नौसागर के सुखचैनपुर निवासी रमेश पुत्र रामदवन बीते दिनों धानी स्थित खड़खड़िया पुल के पास राप्ती नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूब गए थे। हादसे के बाद से ही स्थानीय पुलिस, गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम लगातार नदी में सघन तलाशी अभियान चला रही थी।

महराजगंज से गोरखपुर तक तलाश, आखिरकार मिला शव

कई घंटों की मशक्कत के बाद तलाश अभियान के दौरान युवक का शव गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के भरगाई गांव के पास राप्ती नदी में उतराता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। शव की पहचान लापता रमेश के रूप में हुई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद से ही परिवार में दुख का माहौल है। रमेश की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!