मोबाइल टावरों और पानी की टंकियों पर चढ़ने की घटनाओं पर पुलिस सख्त, वर्ष 2026 में 11 मुकदमे दर्ज

महराजगंज। जिले में अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर मोबाइल टावरों एवं पानी की टंकियों पर चढ़ने की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। वर्ष 2026 में ऐसी घटनाओं के संबंध में जनपद के विभिन्न थानों में कुल 11 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसुरक्षा के मद्देनजर इन घटनाओं पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक दो-दो मुकदमे थाना फरेंदा और थाना परसामलिक में दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा कोतवाली, भिटौली, पुरंदरपुर, नौतनवा, सोनौली, निचलौल और चौक थाने में एक-एक मुकदमा पंजीकृत हुआ है।
किस थाने में कितने मुकदमे दर्ज?
- कोतवाली – 01
- भिटौली – 01
- फरेंदा – 02
- पुरंदरपुर – 01
- नौतनवा – 01
- सोनौली – 01
- परसामलिक – 02
- निचलौल – 01
- चौक – 01
पुलिस की अपील, जान जोखिम में डालकर न करें प्रदर्शन
पुलिस का कहना है कि मोबाइल टावरों और पानी की टंकियों पर चढ़ने से संबंधित व्यक्ति की जान को गंभीर खतरा रहता है। साथ ही मौके पर भीड़ जुटने से शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहती है। ऐसी सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारने और परिस्थितियों के अनुसार विधिक कार्रवाई करती है।
महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपनी मांगों, समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए मोबाइल टावरों, पानी की टंकियों या अन्य ऊंचे स्थानों पर चढ़कर अपनी जान जोखिम में न डालें। अपनी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर सूचना दें।
सवाल यह है कि आखिर लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जान जोखिम में डालने जैसे कदम उठाने को क्यों मजबूर हो रहे हैं? ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।




