इटवा में ऑनलाइन डिलीवरी ऑफिस में हुई चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; लैपटॉप, मॉनिटर और मोबाइल बरामद

सिद्धार्थनगर। थाना इटवा क्षेत्र के बेनीनगर स्थित ऑनलाइन डिलीवरी प्वाइंट लिमिटेड के कार्यालय और गोदाम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एचपी लैपटॉप, एक एलसीडी मॉनिटर, तीन मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23/24 अगस्त 2026 की रात डिलीवरी प्वाइंट के कार्यालय और गोदाम में रोशनदान का शीशा तोड़कर चोरी की गई थी। इस मामले में थाना इटवा पर मुकदमा अपराध संख्या 190/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
13 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम, थाना इटवा पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बदलिया चौराहे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश मौर्य पुत्र नरेश मौर्य, आकाश कुमार पुत्र जयंती प्रसाद और सर्वेश त्रिपाठी पुत्र सूर्यमणि त्रिपाठी के रूप में हुई है। तीनों थाना त्रिलोकपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पूर्व कर्मचारी ने दोस्तों के साथ बनाई थी चोरी की योजना
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, मुख्य आरोपी हरीश मौर्य पहले डिलीवरी प्वाइंट कार्यालय में काम करता था। उसे कार्यालय में होने वाले नकदी संग्रह की जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक, रविवार को पूरे सप्ताह का नकद कलेक्शन अधिक होता था और सोमवार को उसे बैंक में जमा किया जाता था। इसी जानकारी के आधार पर हरीश ने अपने दोस्तों आकाश कुमार और सर्वेश त्रिपाठी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।
ये सामान हुआ बरामद:
– एक एचपी लैपटॉप
– एक एलसीडी मॉनिटर
– एक एप्पल मोबाइल
– एक सैमसंग मोबाइल
– एक वीवो मोबाइल
– 1,000 रुपये नकद
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनिल दुबे के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक ओपी मिश्रा, उपनिरीक्षक हरिओम कुशवाहा, सुनील कुमार त्रिपाठी, सुरेश कुमार, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकान्त सहित थाना इटवा पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय भेज दिया।




