सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ट्रकों पर महराजगंज पुलिस की कार्रवाई, 78 के चालान

महराजगंज। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े ट्रकों के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 60 स्थानों पर चेकिंग कर 78 ट्रकों के चालान किए गए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए अभियान का उद्देश्य सड़क पर आवागमन को सुचारु बनाए रखना और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करना रहा।
जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े ट्रकों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क पर ऐसे स्थानों पर ट्रक खड़ा न करने की हिदायत दी, जहां इससे यातायात प्रभावित हो या दुर्घटना की स्थिति पैदा हो सकती है।
महराजगंज पुलिस के अनुसार, आमजन की सुविधा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




