बृजमनगंज पुलिस ने अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार

महराजगंज के बृजमनगंज थाना पुलिस ने एक संगठित अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 महिलाओं समेत ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों और आभूषण की दुकानों को निशाना बनाता था। सीसीटीवी फुटेज और गाण्डिव (GANDIVA) पोर्टल की मदद से पुलिस ने गिरोह का खुलासा किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण को गलाकर बनाई गई करीब 5.57 ग्राम की पीली धातु की टिकिया, घटना में प्रयुक्त ऑटो, 4 की-पैड मोबाइल फोन और ₹12,580 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को बृजमनगंज थाना क्षेत्र की एक आभूषण दुकान से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गाण्डिव पोर्टल की सहायता से मुख्य अभियुक्ता मंजू पत्नी विजय बहादुर की पहचान की। इसके बाद गिरोह की अन्य महिला सदस्यों और ऑटो चालक को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह की महिलाएं आपस में रिश्तेदार हैं और अलग-अलग जिलों के बाजारों में ग्राहक बनकर दुकानों में जाती थीं। कुछ महिलाएं दुकानदार को बातचीत और सामान दिखाने में उलझाती थीं, जबकि अन्य सदस्य मौका पाकर कीमती सामान चोरी कर लेती थीं। वारदात के बाद सभी अलग-अलग निकल जाती थीं और एक रिजर्व ऑटो से घटनास्थल तक आती-जाती थीं।
पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपी पहचान छिपाने के लिए कुछ समय धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर चले जाते थे। चोरी किए गए सोने के आभूषणों को जल्द ही गलाकर पीली धातु की टिकिया बना दी जाती थी, जिससे उनकी पहचान खत्म की जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों में मंजू पत्नी विजय बहादुर, सरिता पत्नी रामभवन, सोना पत्नी छोटेलाल, कुंती पत्नी जत्तन, मंजू पत्नी राजेश और ऑटो चालक इन्दल पुत्र गामा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्ता मंजू के खिलाफ महराजगंज और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से भीड़भाड़ वाले बाजारों में सतर्क रहने और दुकानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है।



