डेंगू से UPSC अभ्यर्थी की मौत, गांव में बुखार को लेकर दहशत

सिद्धार्थनगर। लोटन कोतवाली क्षेत्र के कर्मा गांव निवासी 22 वर्षीय यूपीएससी अभ्यर्थी गौतम की डेंगू से मौत के बाद गांव में बुखार को लेकर दहशत का माहौल है। गौतम इलाहाबाद में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। करीब 15 दिन पहले बुखार आने पर वह घर लौट आया था।
परिजनों ने उसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन में कराया, लेकिन बुखार ठीक नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान शनिवार रात गौतम की मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा है। वहीं, बुखार से पीड़ित अन्य लोगों और ग्रामीणों में भी भय का माहौल है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में तत्काल स्वास्थ्य जांच कराने के साथ ही फॉगिंग और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई कराने की मांग की है।
मामले को लेकर सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे ने संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गांव में जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा स्थिति का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




