सिद्धार्थनगर: ट्रेन और सरकारी स्कूल में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार और बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
पांच एंड्रॉयड मोबाइल, ₹4,015 भारतीय और ₹100 नेपाली मुद्रा बरामद; एंटीथेफ्ट, सर्विलांस और कपिलवस्तु पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

सिद्धार्थनगर। जनपदीय एंटीथेफ्ट टीम, सर्विलांस सेल और थाना कपिलवस्तु पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी के पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, ₹4,015 भारतीय मुद्रा और ₹100 नेपाली मुद्रा बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान ग्राम गौरी पोखरभिटवा तिराहे पर पुलिया के पास से दोनों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित उर्फ महाकाल पुत्र सुरेश वाल्मीकि, निवासी बेलहिया चौराहा, कांशीराम आवास, थाना व जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।
गोरखपुर से ट्रेन में मोबाइल चोरी करने की बात कबूली
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 24/25 अक्टूबर की रात गोमती छपरा ट्रेन में गोरखपुर रेलवे स्टेशन से मोबाइल फोन चोरी किए थे। इस मामले में जीआरपी थाना गोरखपुर में मुकदमा संख्या 168/2026 दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।
सरकारी स्कूल का ताला तोड़कर चोरी का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब 15-20 दिन पहले थाना शोहरतगढ़ क्षेत्र के कोटिया स्थित सरकारी विद्यालय के कमरे का ताला तोड़कर टैबलेट, टीवी, हार्ड डिस्क, खाने-पीने का सामान, गेहूं और चावल चोरी करने की बात भी बताई। पुलिस का कहना है कि चोरी का सामान नेपाल ले जाकर 22 हजार रुपये में बेच दिया गया था। पूछताछ के दौरान बरामद रकम को उसी बिक्री से बची हुई राशि बताया गया।
इस मामले में थाना शोहरतगढ़ में मुकदमा संख्या 205/2026, धारा 305(a) और 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, सुमित उर्फ महाकाल के खिलाफ मारपीट, धमकी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, बाल अपचारी के खिलाफ भी वर्ष 2026 में चोरी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष कपिलवस्तु उपनिरीक्षक विनय प्रताप सिंह, एंटीथेफ्ट प्रभारी उपनिरीक्षक ओम प्रकाश मिश्र और सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने की। पुलिस ने बताया कि बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना कपिलवस्तु में मुकदमा संख्या 72/2026 दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।




