Uncategorized

सोनौली सीमा पर 1,503 नशीले इंजेक्शन बरामद, एक गिरफ्तार; स्विफ्ट डिजायर कार जब्त

महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और SSB की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रविवार सुबह सीमा के मुख्य गेट के पास कार्रवाई करते हुए 1,503 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है।

महराजगंज पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह के पर्यवेक्षण तथा सोनौली थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस और SSB की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा के मुख्य गेट के पास कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमचन्द पुत्र संतराम (29 वर्ष), निवासी ग्राम जुगौली, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 511 एम्पुल बुप्रेनोरफिन, 499 एम्पुल डाइजापाम और 493 एम्पुल प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन बरामद किए। कुल बरामदगी 1,503 इंजेक्शन की बताई गई है। इसके अलावा हरियाणा नंबर HR 72D 6317 की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है।

पुलिस ने इस मामले में थाना सोनौली में मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/23 में अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी सोनौली नरेंद्र कुमार पटेल, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार और कांस्टेबल अनूप मिश्रा शामिल रहे। वहीं, SSB की ओर से उपनिरीक्षक रामलाल, हेड कांस्टेबल करमवीर प्रताप गहलोत और कांस्टेबल नवनीत कुमार ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।

भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और SSB की इस संयुक्त कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच के दौरान नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति और उनके स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!