सिद्धार्थनगर: बढ़नी में दुर्गा विसर्जन के दौरान हंगामा करने के आरोप में 3 गिरफ्तार
नगर पंचायत अध्यक्ष से दुर्व्यवहार और पुलिस से उलझने का आरोप, न्यायालय भेजे गए तीनों आरोपी

सिद्धार्थनगर। जिले के बढ़नी कस्बे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हंगामा कर माहौल बिगाड़ने और नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में ढेबरुआ पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, स्थानीय पुलिस के समझाने पर आरोपियों ने पुलिस के साथ भी उलझने की कोशिश की थी।
पुलिस ने 22 अक्टूबर 2026 को ब्लॉक रोड बढ़नी से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव पाण्डेय निवासी बरगदवा तथा अभिषेक चतुर्वेदी और राकेश चौधरी निवासी कल्लनडीहवा, थाना ढेबरुआ, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में थाना ढेबरुआ में मुकदमा अपराध संख्या 0145/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धारा 7 में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने प्रेस नोट में तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास होने की भी जानकारी दी है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय समेत थाना ढेबरुआ के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।




