नहर में कूदी महिला की जान बचाने वाले दो बहादुर छात्रों को एसपी ने किया सम्मानित

महराजगंज। थाना निचलौल क्षेत्र में नहर में छलांग लगाने वाली महिला की जान बचाने वाले दो बहादुर छात्रों को पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार महिला के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद कक्षा 10 के दो छात्रों कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन निवासी कोहड़वल, थाना निचलौल ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया।
दोनों छात्र मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के विद्यार्थी हैं। उनके इस साहसिक और मानवीय कार्य की पुलिस प्रशासन ने सराहना की।
इसी क्रम में दोनों छात्रों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने उनके साहस की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसपी ने कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की मदद करना इन छात्रों के साहस और मानवीय संवेदना को दर्शाता है। उनका यह कार्य समाज के अन्य लोगों के लिए भी निस्वार्थ मदद और मानवता की मिसाल है।




