Uncategorized

सिद्धार्थनगर: बेलौहा हत्याकांड में बड़ा अपडेट, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

20 वर्षीय भोलू की हत्या के मामले में मोहाना पुलिस की कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद; आरोपी अभिलाष उपाध्याय उर्फ डब्लू को न्यायालय भेजा गया

सिद्धार्थनगर। जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के गुजरौलिया टोला बेलौहा में 20 वर्षीय युवक भोलू की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में कथित तौर पर प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को गुजरौलिया टोला बेलौहा में युवक के सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में तहरीर के आधार पर थाना मोहाना में मुकदमा अपराध संख्या 154/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मोहाना पुल से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह की टीम ने 29 अक्टूबर को आरोपी अभिलाष उपाध्याय उर्फ डब्लू (करीब 24 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय सूर्यमणि, निवासी गुजरौलिया टोला बेलौहा, थाना मोहाना, को मोहाना पुल से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड बरामद करने की जानकारी दी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

पहले से भी दर्ज है एक मुकदमा

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध थाना मोहाना में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 152/2026 भी दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान हत्या का मामला मुकदमा अपराध संख्या 154/2026 के रूप में दर्ज किया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सर्वेश यादव, कांस्टेबल प्रशांत सिंह, अशोक कुमार यादव और आदर्श शुक्ला शामिल रहे। कार्रवाई क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में की गई।

गौरतलब है कि युवक की मौत के बाद परिजनों ने नाराजगी जताते हुए मोहाना थाने के सामने सड़क जाम कर दिया था। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के अनुसार, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के मौके पर पहुंचने और परिजनों को समझाने के बाद जाम खुलवाया गया।

पुलिस की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की न्यायिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!