महराजगंज: मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी, 3 घंटे में खुलासा; एक आरोपी गिरफ्तार
नौतनवां के राम-जानकी मरचाहे बाबा कुटी मंदिर की घटना, करीब 150 ग्राम का चांदी का मुकुट बरामद

महराजगंज। नौतनवां कस्बे के बाल्मीकि नगर स्थित श्रीराम-जानकी मरचाहे बाबा कुटी मंदिर से सीता माता की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट चोरी होने के मामले में पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुआ करीब 150 ग्राम वजन का चांदी का मुकुट बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुकुट चोरी होने की सूचना मिलने पर थाना नौतनवां में मुकदमा अपराध संख्या 213/2026 के तहत धारा 305(d) और 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए 28 अक्टूबर 2026 को नौतनवां इंटर कॉलेज के पास से बाबी कौशल (26), निवासी वार्ड नंबर-4 मालवीय नगर, थाना नौतनवां को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद होने के बाद पुलिस उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार दुबे, कांस्टेबल रजनीश कुमार और कांस्टेबल अनुज सिंह शामिल रहे।




