Uncategorized

सिद्धार्थनगर: नदी में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत, पांच बहनों का इकलौता भाई था रवि

पिता के निधन के बाद परिवार का सहारा बना था बेटा, मां और पांच बहनों का रो-रोकर बुरा हाल

सिद्धार्थनगर। लोटन क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नदी में कटिया डालकर मछली पकड़ने गए 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक अपनी मां का इकलौता बेटा और पांच बहनों का इकलौता भाई था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। ऐसे में परिवार के सहारे बने बेटे की असमय मौत से मां और बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मामला लोटन कोतवाली क्षेत्र के कौलपुर ग्रांट गांव का है। गांव निवासी रवि राजभर पुत्र स्वर्गीय संतराम गुरुवार को गांव के उत्तर दिशा में स्थित नदी में कटिया डालकर मछली पकड़ने गए थे। देर शाम तक जब रवि घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उनकी मां बेटे की तलाश में नदी किनारे पहुंचीं। वहां रवि की चप्पल मिली, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। चप्पल देखकर मां को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी।

इसके बाद परिजनों ने देर शाम लोटन पुलिस को रवि के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की, लेकिन रात होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोबारा तलाश शुरू कराई। चप्पल मिलने वाली जगह से कुछ दूरी पर नदी से रवि का शव बरामद हुआ। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने किया इनकार

इस संबंध में लोटन कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मां की बुढ़ापे की उम्मीद छिनी, पांच बहनों का भाई भी चला गया

रवि की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पिता के निधन के बाद रवि ही अपनी मां के बुढ़ापे का सहारा और पांच बहनों का इकलौता भाई था। जिस बेटे से मां को जीवन के अंतिम पड़ाव में सहारे की उम्मीद थी, उसकी असमय मौत ने परिवार को बेसहारा कर दिया। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!