भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, 3 बोरी यूरिया खाद व बाइक के साथ युवक पकड़ा

सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध खाद तस्करी के खिलाफ 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 बोरी यूरिया खाद, एक मोटरसाइकिल के साथ 18 वर्षीय युवक को पकड़ा।
2 सितंबर 2026 को सीमा चौकी बजहा की विशेष गश्ती पार्टी सीमा स्तंभ संख्या 552 से करीब 500 मीटर दूर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल से भारत से नेपाल की ओर जाते देखा। एसएसबी जवानों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह घबरा गया और बाइक व उस पर लदा सामान छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान मौके से 3 बोरी यूरिया खाद और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम मोनू पुत्र बबलू, उम्र 18 वर्ष, निवासी रामनगर, थाना कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर बताया। खाद से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर एसएसबी ने युवक, खाद और मोटरसाइकिल को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, ककरहवा के सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा, वन्यजीव और अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।




