जल जीवन मिशन की पानी टंकी से केबल चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर। कठेला समय माता थाना पुलिस और एंटीथेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में जल जीवन मिशन की पानी की टंकी से केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 90 मीटर कॉपर का तार, लोहे का पेचकस, पिलास और चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामला 31 अगस्त 2026 का है। ग्राम सिसवा बुजुर्ग में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पर लगे सोलर और स्टार्टर के बीच का केबल चोरी हो गया था। इस संबंध में कठेला समय माता थाने में मु0अ0सं0 93/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
चोरी की घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम 1 सितंबर को झकहिया-इटवा मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इटवा की ओर से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को मोटरसाइकिल समेत रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से 90 मीटर कॉपर तार, पेचकस और पिलास बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सिसवा बुजुर्ग स्थित पानी की टंकी के सोलर से केबल व अन्य सामान चोरी किया था और उसे नेपाल में बेचने के लिए ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार गौतम पुत्र छांगुर गौतम निवासी दुफेडिया, थाना इटवा और रजत कुमार गुप्ता पुत्र बुद्धिराम गुप्ता निवासी इटवा के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में प्रभारी थानाध्यक्ष श्यामदेव प्रसाद, एंटीथेफ्ट टीम प्रभारी संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक नागेन्द्र प्रसाद यादव समेत कठेला समय माता थाना और एंटीथेफ्ट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।




