Uncategorized

महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर खाद तस्करी का प्रयास नाकाम, एक गिरफ्तार

20 बोरी खाद और 5 साइकिलें बरामद, अन्य आरोपी नेपाल की ओर फरार

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर खाद तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 18 बोरी डीएपी, 2 बोरी यूरिया खाद और 5 साइकिलें बरामद की गईं। वहीं, मौके से अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर फरार हो गए।

एसएसबी के अनुसार, सीमा चौकी हरबंशपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरजीत कुमार वर्मा को सूचना मिली थी कि सीमा चौकी लीलाडीहवा के क्षेत्र में कुछ लोग साइकिलों पर खाद लादकर नेपाल ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक वशिष्ठ कुमार राय के नेतृत्व में जवानों ने चिह्नित स्थान पर नाकाबंदी की।

इसी दौरान साइकिलों पर खाद लादकर आ रहे संदिग्धों को जवानों ने रुकने का संकेत दिया। इस पर वे साइकिलें छोड़कर भागने लगे। जवानों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी सीमा की नजदीकी और अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकले।

तलाशी के दौरान मौके से 18 बोरी डीएपी, 2 बोरी यूरिया खाद और 5 साइकिलें बरामद हुईं। एसएसबी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी खाद के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ खाद को अवैध रूप से सीमा पार ले जाने की बात स्वीकार की।

एसएसबी ने गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, नौतनवा को सुपुर्द कर दिया है। फरार आरोपियों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!